26.1 C
Dehradun, IN
July 21, 2026
https://outlooksamachar.com/
उत्तराखंडदेहरादून

महाकुंभ-2027 की तैयारियों को मिली रफ्तार, सीएम धामी ने हरिद्वार में ₹235 करोड़ की 4 मेगा परियोजनाओं का किया शिलान्यास

हरिद्वार, 21 जुलाई। आगामी महाकुंभ-2027 की तैयारियों को गति देते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को हरिद्वार-ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर के अंतर्गत लगभग 235 करोड़ रुपये की चार महत्वपूर्ण आधारभूत परियोजनाओं का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया। उत्तराखण्ड निवेश एवं आधारिक संरचना विकास बोर्ड (यूआईआईडीबी) की इन परियोजनाओं से श्रद्धालुओं, कांवड़ यात्रियों और स्थानीय नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, वहीं पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने 43.25 करोड़ रुपये की प्रशासनिक मार्ग कॉरिडोर विकास परियोजना का भूमि पूजन किया। इसके अलावा 66.76 करोड़ रुपये की लागत से हर की पैड़ी एवं सुभाष घाट के पुनरुद्धार, 66.34 करोड़ रुपये की लागत से हर की पैड़ी के उत्तर क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विकास तथा 58.84 करोड़ रुपये की लागत से रोड़ी बेलवाला क्षेत्र के पुनर्विकास कार्यों का शिलान्यास किया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इन परियोजनाओं का उद्देश्य हरिद्वार को आधुनिक, सुरक्षित, सुव्यवस्थित और विश्वस्तरीय आध्यात्मिक नगरी के रूप में विकसित करना है। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महाकुंभ-2027 को इतिहास का सबसे दिव्य, भव्य और सुव्यवस्थित आयोजन बनाने के लिए युद्धस्तर पर कार्य कर रही है। इसी क्रम में नए घाट, पुल, सड़क चौड़ीकरण, यातायात सुधार, रोपवे, हेलीपोर्ट और पॉड टैक्सी जैसी परियोजनाओं पर भी तेजी से काम चल रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार विकास के साथ-साथ उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और सुशासन को भी प्राथमिकता दे रही है। समान नागरिक संहिता, धर्मांतरण विरोधी कानून, नकल विरोधी कानून और भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा, राम सिंह कैड़ा, यूआईआईडीबी के प्रबंध निदेशक एवं प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम सहित अनेक जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Static 1 Static 1 Static 1

Related posts

सेवा पखवाड़े के तहत महाराज का विधानसभा क्षेत्र में तुफानी दौरा

Outlook Samachar

चारधाम यात्रा के बीच उत्तराखंड में धमकी भरे ईमेल से हड़कंप, सीएम धामी बोले – दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा

Outlook Samachar

आयुष्मान योजना में बड़ी कार्रवाई: 3 अस्पताल सस्पेंड, एक पर ₹86 हजार का जुर्माना

Outlook Samachar

Leave a Comment