24.4 C
Dehradun, IN
August 2, 2026
https://outlooksamachar.com/
उत्तराखंडदेहरादून

दून पुलिस ने वाहन चोरी गिरोह का किया खुलासा, शातिर चोर गिरफ्तार; 11 चोरी की दोपहिया वाहन बरामद

देहरादून। राजधानी देहरादून में लगातार हो रही दोपहिया वाहन चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए दून पुलिस ने एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से अलग-अलग स्थानों से चोरी की गई 11 दोपहिया वाहन बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी अपने महंगे शौक पूरे करने के लिए सुनियोजित तरीके से वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देता था और पुलिस से बचने के लिए चोरी किए गए वाहनों को जंगल में छिपा देता था।

रायपुर में दर्ज मुकदमों से शुरू हुई जांच

थाना रायपुर में 31 जुलाई 2026 को सुंदरवाला निवासी अजय कुमार और ऑफ स्टेट रायपुर निवासी अनिल कुमार ने अपनी-अपनी स्कूटी चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। अज्ञात चोर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत मुकदमे दर्ज किए गए।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना रायपुर पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थलों और आसपास के लगभग 80 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें एक संदिग्ध युवक की पहचान हुई। मुखबिर तंत्र की सहायता से पुलिस ने 1 अगस्त को महाराणा प्रताप चौक के आगे पेट्रोल पंप के पास से आरोपी को चोरी की स्कूटी सहित गिरफ्तार कर लिया।

जंगल में छिपाकर रखे थे चोरी के वाहन

गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने जंगल में सुनसान स्थान पर छिपाकर रखे गए 10 अन्य चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए। इस प्रकार कुल 11 वाहन बरामद किए गए हैं।

पुलिस जांच में सामने आया कि बरामद वाहनों में से दो वाहन थाना नेहरू कॉलोनी तथा एक वाहन कोतवाली डालनवाला क्षेत्र से चोरी किए गए थे, जिनके संबंध में पहले से मुकदमे दर्ज हैं। अन्य बरामद वाहनों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

रैकी कर करता था वाहन चोरी

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मूल रूप से पौड़ी गढ़वाल का निवासी है और वर्तमान में कनखल, हरिद्वार में रह रहा था। वह पहले सुनसान स्थानों पर खड़े वाहनों की रैकी करता, फिर मौका मिलते ही उन्हें चोरी कर लेता था। वारदात के बाद चोरी के वाहनों को जंगल में छिपाकर वापस हरिद्वार चला जाता था। पुलिस के अनुसार आरोपी चोरी किए गए वाहनों को जनपद से बाहर ले जाकर बेचने की फिराक में था, लेकिन इससे पहले ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी

  • राकेश डबराल (22 वर्ष) पुत्र रमेश डबराल
  • मूल निवासी: देवतम पट्टी सितोंस्यू, पौड़ी गढ़वाल
  • वर्तमान पता: गुलाब बाग, थाना कनखल, हरिद्वार

बरामद वाहन

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल 11 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। इनमें रायपुर, नेहरू कॉलोनी और डालनवाला थाना क्षेत्रों से चोरी की गई स्कूटी एवं मोटरसाइकिलें शामिल हैं। अन्य वाहनों के वास्तविक मालिकों और संबंधित मामलों की जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने की तैयारी कर ली है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी किसी संगठित वाहन चोरी गिरोह से जुड़ा है या नहीं तथा चोरी के अन्य मामलों में उसकी संलिप्तता रही है।

Static 1 Static 1 Static 1 Static 1

Related posts

उधम सिंह नगर में विजिलेंस का बड़ा एक्शन: 20 हजार की रिश्वत लेते JE रंगे हाथ गिरफ्तार, GPDO भी जांच के घेरे में

Outlook Samachar

देहरादून की ट्रांसपोर्ट व्यवस्था में बड़ा बदलाव तय! RTA बैठक में कई अहम प्रस्तावों पर लगेगी मुहर

Outlook Samachar

पर्यटन नगरी मसूरी को मिली पांच रोपवे की सौगात, दो महीने में शुरू होगा काम

Outlook Samachar

Leave a Comment