29.9 C
Dehradun, IN
August 8, 2026
https://outlooksamachar.com/
उत्तराखंड

नदी किनारे मिला क्षेत्र पंचायत सदस्य का शव, इलाके में मचा हड़कंप

बागेश्वर। कपकोट ब्लॉक मुख्यालय के समीप नगर पंचायत के वार्ड संख्या-7 में शनिवार सुबह खीरगंगा नदी किनारे क्षेत्र पंचायत सदस्य का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान जालेख निवासी 48 वर्षीय तारा सिंह कोरंगा पुत्र सेवानिवृत्त सूबेदार मोहन सिंह कोरंगा के रूप में हुई है। तारा सिंह गडेरा क्षेत्र से क्षेत्र पंचायत सदस्य थे।

जानकारी के अनुसार तारा सिंह का परिवार जालेख गांव में रहता है, जबकि वह खीरगंगा नदी किनारे स्थित अपने आवास में अकेले रहते थे। शनिवार सुबह पड़ोस में रहने वाली करीब तीन वर्षीय बच्ची बरामदे में मुंह धोने पहुंची। इसी दौरान उसकी नजर तारा सिंह पर पड़ी। बच्ची ने घर जाकर अपनी मां को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद आसपास के लोगों को घटना का पता चला और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल तारा सिंह की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता नहीं चल सका है। पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

बताया गया है कि तारा सिंह अपने परिवार में इकलौते बेटे थे। उनके परिवार में माता-पिता, पत्नी और तीन बच्चे हैं, जिनमें दो बेटियां और एक बेटा शामिल है। एक बेटी का विवाह हो चुका है। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

Static 1 Static 1 Static 1 Static 1

Related posts

कैबिनेट बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री खंडूड़ी और जसपाल राणा को श्रद्धांजलि

Outlook Samachar

देहरादून: फर्जी जमीन सौदे से डॉक्टर से 65 लाख की ठगी, सहसपुर पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

Outlook Samachar

अब सीधे अफसरों के सामने रखिए अपनी बात, एमडीडीए में हर महीने दो बार लगेगा ‘समाधान दिवस’

Outlook Samachar

Leave a Comment