23.7 C
Dehradun, IN
August 24, 2026
https://outlooksamachar.com/
उत्तराखंडदेहरादून

ऑपरेशन नाइट स्ट्राइक: दून पुलिस की बड़ी कार्रवाई, शराब पीकर वाहन चलाने वाले 21 गिरफ्तार

देहरादून। हुड़दंगियों और अराजक तत्वों पर नकेल कसने के लिए दून पुलिस का “ऑपरेशन नाइट स्ट्राइक” लगातार जारी है। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर 23 अगस्त 2026 की रात जनपद के नगर से लेकर देहात तक सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने व्यापक और आकस्मिक चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ बड़े स्तर पर कार्रवाई की गई।

पुलिस अधीक्षक नगर के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सीमावर्ती चेकपोस्टों और आंतरिक मार्गों पर पुलिस टीमों ने अचानक चेकिंग की। इस दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वाले 21 लोगों को गिरफ्तार किया गया और उनके सभी 21 वाहनों को सीज कर दिया गया।

इसके अलावा काले शीशे लगाने और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 34 अन्य वाहनों को भी सीज किया गया। पुलिस ने कुल 53 वाहन चालकों के विरुद्ध एमवी एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई करते हुए 32,500 रुपये का जुर्माना वसूला, जबकि 47 वाहनों के कोर्ट चालान किए गए।

700 से अधिक वाहनों की चेकिंग

ऑपरेशन नाइट स्ट्राइक के दौरान पुलिस टीमों ने रात में 700 से अधिक वाहनों की चेकिंग की। इस दौरान 900 से अधिक लोगों से पूछताछ कर उनकी पहचान और सत्यापन संबंधी जानकारी जुटाई गई। पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों में पाए गए 57 संदिग्ध व्यक्तियों को थाने लाकर पूछताछ की।

वहीं, अनावश्यक रूप से रात में घूम रहे लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। पुलिस ने 84 व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 81 पुलिस एक्ट के तहत चालान की कार्रवाई करते हुए कुल 21,750 रुपये का जुर्माना किया।

शिक्षण संस्थानों के आसपास भी रहेगी नजर

एसएसपी देहरादून ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में स्थित शिक्षण संस्थानों में गुटबाजी कर माहौल खराब करने का प्रयास करने वाले छात्रों को चिन्हित कर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही रात के समय संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश और अराजक तत्वों पर कार्रवाई के लिए अलग-अलग स्थानों पर लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाने को कहा गया है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक “ऑपरेशन नाइट स्ट्राइक” के तहत यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस का उद्देश्य रात के समय होने वाली संदिग्ध गतिविधियों, हुड़दंग और यातायात नियमों के उल्लंघन पर प्रभावी अंकुश लगाना है।

Static 1 Static 1 Static 1 Static 1

Related posts

सीएम धामी से मिले NCC महानिदेशक, सीमांत क्षेत्रों में नई NCC यूनिट्स खोलने पर बनी सहमति

Outlook Samachar

विश्व संस्कृत दिवस से पूर्व, उत्तराखण्ड ने वैश्विक स्तर पर संस्कृत के प्रसार को दिया नया आयाम।

Outlook Samachar

देहरादून महायोजना-2041: जनता के सुझावों से आकार ले रहा शहर का भविष्य, चौथे दिन जनसुनवाई में उमड़ी भारी सहभागिता

Outlook Samachar

Leave a Comment