देहरादून- राजधानी देहरादून के आशारोड़ी क्षेत्र में तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा देहरादून-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर आज तड़के करीब 3:15 बजे हुआ।
जानकारी के अनुसार, हरियाणा के सोनीपत, रोहतक और जींद के रहने वाले पांच लोग एक कार में सवार होकर सहारनपुर की दिशा से देहरादून की ओर आ रहे थे। आशारोड़ी के पास उनकी कार सीमेंट से लदे एक ट्रॉला से पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और दो लोग वाहन में ही फंस गए।
सूचना मिलने पर मौके पर पुलिस और फायर सर्विस की टीम पहुंची। रेस्क्यू ऑपरेशन के तहत सभी घायलों को बाहर निकाला गया और तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति का इलाज दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस ने दुर्घटना के लिए ज़िम्मेदार ट्रॉला चालक, जो सहारनपुर का निवासी है, को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
















