मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरूषोत्तम ने मंगलवार को जनपद हरिद्वार स्थित ईवीएम वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ विभिन्न राष्ट्रीय राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। निरीक्षण का उद्देश्य ईवीएम (बैलेट यूनिट, कंट्रोल यूनिट) और वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा एवं भंडारण व्यवस्था की समीक्षा करना था।
डॉ. पुरूषोत्तम ने वेयरहाउस परिसर में मौजूद सुरक्षा व्यवस्था का विस्तार से जायजा लिया और सीसीटीवी निगरानी, डबल लॉक व्यवस्था, सुरक्षा कर्मियों की तैनाती, पॉवर सप्लाई, फायर सेफ्टी उपकरणों, एवं रिकॉर्ड पंजिकाओं की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि अग्निशमन यंत्रों की समय-सीमा समाप्त होने से पूर्व ही उन्हें बदला जाए और मानसून को ध्यान में रखते हुए ईवीएम को नमी और सीलन से पूरी तरह सुरक्षित रखा जाए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने सीसीटीवी कंट्रोल रूम, ईवीएम एवं वीवीपैट रूम, आगंतुक पंजिका, पुलिस निरीक्षण पंजिका तथा वेयरहाउस परिसर के चारों ओर सुरक्षात्मक उपायों का गहन अवलोकन किया। उन्होंने यह भी सुनिश्चित किया कि ईवीएम के प्रवेश और निकासी पर पूरी तरह से पारदर्शिता बनी रहे और सभी गतिविधियां रजिस्टर में विधिवत अंकित की जाएं।
राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भी वेयरहाउस की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए निर्वाचन आयोग द्वारा किए जा रहे सुरक्षा इंतजामों की सराहना की। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी दलों को विश्वास दिलाया कि ईवीएम की सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित करना निर्वाचन आयोग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समय-समय पर सुरक्षा उपायों की समीक्षा करते रहने तथा किसी भी संभावित जोखिम से पहले ही निपटने के लिए सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
















