कांवड़ मेला 2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलवे ने 5 विशेष ट्रेनें चलाने का फैसला किया है। दिल्ली-शामली डीएमयू और दिल्ली-सहारनपुर मेमू का हरिद्वार तक विस्तार किया गया है, जबकि 16 ट्रेनों के समय और स्टॉपेज में भी बदलाव रहेगा।
हरिद्वार: कांवड़ मेला 2026 के दौरान हरिद्वार आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भारतीय रेलवे ने विशेष तैयारियां की हैं। इस बार मेले में यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए कुल पांच विशेष ट्रेनें संचालित की जाएंगी। इनमें तीन अनारक्षित कांवड़ मेला स्पेशल ट्रेनें शामिल हैं, जबकि दिल्ली-शामली डीएमयू और दिल्ली-सहारनपुर मेमू का संचालन हरिद्वार तक बढ़ा दिया गया है। सभी नई व्यवस्थाएं 30 जुलाई से लागू होंगी।
रेलवे अधिकारियों का अनुमान है कि पिछले वर्ष जहां चार करोड़ से अधिक कांवड़िए हरिद्वार पहुंचे थे, वहीं इस बार यह संख्या पांच करोड़ तक पहुंच सकती है। ऐसे में रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में भी भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए अतिरिक्त इंतजाम किए गए हैं।
दिल्ली-शामली डीएमयू अब हरिद्वार तक जाएगी
रेलवे के अनुसार 74022/74023 दिल्ली-शामली डीएमयू का संचालन 30 जुलाई से 14 अगस्त तक हरिद्वार से किया जाएगा।
हरिद्वार से प्रस्थान: सुबह 3:05 बजे
शामली आगमन: शाम 6:30 बजे
वापसी में शामली से प्रस्थान: रात 10:50 बजे
हरिद्वार आगमन: रात 1:55 बजे
दिल्ली-शामली खंड में ट्रेन के निर्धारित समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
दिल्ली-सहारनपुर मेमू का भी हरिद्वार तक विस्तार
64557/64558 दिल्ली-सहारनपुर मेमू को भी कांवड़ मेले के दौरान हरिद्वार तक बढ़ाया गया है।
सहारनपुर से प्रस्थान: रात 8:50 बजे
हरिद्वार आगमन: रात 10:50 बजे
दिल्ली और सहारनपुर के बीच ट्रेन का समय पहले जैसा ही रहेगा।
ये हैं तीन कांवड़ मेला स्पेशल ट्रेनें
1. हरिद्वार-दिल्ली शाहदरा कांवड़ मेला स्पेशल (04314)
संचालन: 30 जुलाई से 13 अगस्त तक प्रतिदिन
हरिद्वार से प्रस्थान: दोपहर 3:30 बजे
गाजियाबाद आगमन: शाम 7:50 बजे
प्रमुख ठहराव: ज्वालापुर, रुड़की, टपरी, मुजफ्फरनगर और मेरठ
2. योगनगरी ऋषिकेश-दिल्ली शाहदरा कांवड़ मेला स्पेशल
संचालन: 30 जुलाई से 13 अगस्त तक प्रतिदिन
ऋषिकेश से प्रस्थान: सुबह 8:35 बजे
दिल्ली शाहदरा आगमन: शाम 5:45 बजे
3. योगनगरी ऋषिकेश-आलमनगर कांवड़ मेला स्पेशल
संचालन: मेले की अवधि में प्रतिदिन
ऋषिकेश से प्रस्थान: सुबह 7:00 बजे
16 ट्रेनों के समय और स्टॉपेज में बदलाव
रेल प्रशासन ने कांवड़ मेले के दौरान 30 जुलाई से 13 अगस्त तक करीब 16 ट्रेनों के समय और ठहराव में भी बदलाव किया है। कई ट्रेनें ज्वालापुर और मोतीचूर रेलवे स्टेशन पर अतिरिक्त ठहराव करेंगी, ताकि हरिद्वार स्टेशन पर भीड़ का दबाव कम किया जा सके। मेले की समाप्ति के बाद सभी ट्रेनें अपने पुराने समय के अनुसार संचालित होंगी।
जरूरत पड़ने पर लगाए जाएंगे अतिरिक्त कोच
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने बताया कि कांवड़ मेले में यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त ट्रेनें चलाई जा रही हैं। यदि यात्रियों की संख्या अधिक रही तो नियमित ट्रेनों में अतिरिक्त कोच भी जोड़े जाएंगे। रेलवे का कहना है कि इन व्यवस्थाओं से लाखों कांवड़ यात्रियों को यात्रा के दौरान बेहतर और सुगम रेल सुविधा मिल सकेगी।
